Breaking News :

पैर छूकर चुनाव जीतेगी कांग्रेस? 1 लाख लोगों का टारगेट, तेलंगाना में आजमाने जा रही दांव

तेलंगाना का मुनुगोड़े विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव और भी दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस जीत के लिए यहां एक नया दांव आजमाने को तैयार है। निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस प्रतिनिधियों ने एक लाख लोगों के पैर छूने की योजना बनाई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को यह जानकारी दी। मालूम हो कि हाल ही में मुनुगोड़े सीट से कांग्रेस के विधायक के. राजगोपाल रेड्डी ने भाजपा का दामन थाम लिया था, जिसके बाद इस सीट पर चुनाव की जरूरत पड़ी है।

कांग्रेस का यह कार्यक्रम 17 सितंबर से शुरू होगा। रेवंत रेड्डी ने कहा, 'तेलंगाना को 17 सितंबर को आजादी मिली। यह वह दिन है जब हमने अपनी स्वतंत्रता हासिल की। यह राज्य के लिए शुभ दिन है, इसलिए हम कांग्रेस पार्टी के बारे में जनता को बताने के लिए यह कार्यक्रम शुरू करेंगे, जिसे 'लोकतंत्र को सलाम' नाम दिया गया है।'


1000 करोड़ रुपये खर्च करके लोकतंत्र की हत्या का आरोप

कांग्रेस सांसद रेड्डी ने कहा, 'मोदी और केसीआर पैसे का इस्तेमाल करके लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन ध्यान रहे कि यहां लोगों ने निजाम के खिलाफ लड़ाई लड़कर आजादी हासिल की है। वे (भाजपा और टीआरएस) मुनुगोड़े निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव जीतने के लिए 1000 करोड़ रुपये खर्च करके लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। अब हमारे 1,000 कांग्रेस कार्यकर्ता 100 लोगों के पैर छुएंगे, जो 1,000 से गुणा करने पर एक लाख हो जाएगा। पीसीसी का अध्यक्ष होने के नाते मैं भी इसमें हिस्सा ले रहा हूं।'



कांग्रेस सांसद की कार्यक्रम से जुड़ने की अपील

रेवंत रेड्डी ने कहा कि निजाम से लड़ने वाले वृद्ध लोग गांवों में रहते हैं। मेरा इरादा उनके साथ मिलकर लड़ाई शुरू करने का है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो मुनुगोड़े के लिए काम करना चाहता है, वह इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकता है। हालांकि, केवल पहले 1000 पंजीकरणों को ही यह करने का मौका मिलेगा। हम यह अभियान 17 सितंबर से शुरू कर रहे हैं, जो उपचुनाव तक चलेगा।


अमित शाह भी आज आ रहे मुनुगोड़े

गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी आज मुनुगोड़े क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इससे एक दिन पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने शनिवार को मुनुगोड़े में जनसभा को संबोधित किया। उपचुनाव को लेकर राव की पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति की तैयारी भी जोरों पर है। तेलंगाना के प्रभारी और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि राजगोपाल रेड्डी अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होंगे।