Breaking News :

सजा काट रहे कैदी ने जेल में फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस


धमतरी। जेल में एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, उसका शव बैरक में लटका हुआ मिला है। कैदी का शव मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मृतक के ऊपर हथियार लहराने और छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था। जिसके बाद कोर्ट ने उसे एक साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि युवक ने आत्महत्या क्यों की अभी उसके कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार कैदी अरबाज खान शहर के लालबगीचा वार्ड का रहने वाला था। उसके ऊपर हथियार लहराने और नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था। जिसके बाद उस पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं लगाई गई थीं। कोर्ट ने उसे एक साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। बताया जा रहा कि अरबाज खान पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि उसने आत्महत्या क्यों की इसके सही कारणों पता नहीं चल पाया है। फिलहाल शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।