Breaking News :

GPM : 43 हाथियों के दल ने मचाया आतंक ग्रामीणों के घरों को तोड़ घरों में रखे अनाज को किया चट,सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी ..

 जीपीएम।  छत्तीसगढ़ में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। शनिवार-रविवार की रात गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 43 हाथियों के दल ने कुछ ग्रामीणों के घरों को तोड़ दिया और फसलों को भी रौंद दिया। हाथियों ने घरों में रखे अनाज को भी चट कर दिया। हाथियों के गांव आने से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग ने हाथियों के करीब नहीं जाने और सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया है। वहीं वन कर्मचारियों को निगरानी के लिए तैनात किया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार मरवाही वन रेंज के सेमरदर्री गांव के आस-पास शनिवार-रविवार देर रात पहुंचे 43 हाथियों के दल ने गांव में जमकर उत्पात मचाया। दल के दो हाथियों ने ग्रामीण इंद्रपाल यादव सहित कुछ और ग्रामीणों के घर को तोड़ दिया है। इसके अलावा इन हाथियों ने ग्रामीणों के खेत में लगे केले की फसल को चौपट किया है। वहीं इनके घरों में रखे अनाज को भी चट कर दिया है। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी।  इधर मरवाही वन रेंज से सटे मुंगेली जिले के अचानक टाइगर रिजर्व में भी 18 से 20 हाथियों का झुंड मौजूद है। 

मरवाही डीएफओ संजय त्रिपाठी से मिली जानकारी के अनुसार गांव में उत्पात मचाने के बाद दोनों हाथी जंगल की ओर चले गए। रविवार सुबह ग्रामीणों ने इस बात की जानकारी वन विभाग की टीम को दी है। वन विभाग के अनुसार ये दल कोरबा के कटघोरा वन रेंज से यहां आया है। फिलहाल हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने बताया कि अभी यह झुंड ढपनीपानी के आसपास मौजूद है। हाथियों की निगरानी के लिए वन कर्मियों को तैनात किया गया है। हाथियों का दल कोरबा जिले के कटघोरा रेंज में भी मौजूद है।