Breaking News :

पड़ोसी महिला की हरकत से परेशान था युवक, कर दी हत्या


बेमेतरा। बेमेतरा में एक युवक ने घर में घुसकर पड़ोसी महिला की हत्या कर दी। आरोपी ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसे मार दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और नाकाबंदी की। अगले दिन पुलिस ने आरोपी को रायपुर भागते हुए गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने कहा कि उसके पड़ोसी बदनाम करते थे। उसके खिलाफ झूठा प्रचार कर रहे थे। इसलिए महिला को मार दिया। मामला बेरला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिंवार निवासी राम प्यारी सिन्हा (50) पत्नी घनश्याम सिन्हा गुरुवार को घर में अकेली थी। 


इसी दौरान उसी गांव का रहने वाला मनोज साहू (26) उनके घर में घुस आया। आते ही उसने लोहे की रॉड से राम प्यारी सिन्हा के सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। इसके बाद वहां से भाग निकला। आसपास के लोगों ने मनोज को घर से भागते देखा तो मौके पर पहुंचे। वहां राम प्यारी लहूलुहान हालत में पड़ी थी। इस पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। बेरला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो चला कि आरोपी मनोज गांव से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। तभी शुक्रवार शाम को मनोज के बाइक से रायपुर-दुर्ग की ओर भागने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस ने चेकपोस्ट पर अलर्ट किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को ग्राम सोंढ की मेन रोड पर पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में उसने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।