Breaking News :

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज : बिलासपुर शहर में आधे घंटे में दो सेमी बारिश, पारा गिरा



रविवार को बिलासपुर शहर में खूब तेज बारिश हुई। यहीं वजह है कि महज आधे घंटे में ही दो सेंटीमीटर से ज्यादा पानी बरस गया। अच्छी बारिश का नतीजा है कि बिलासपुर तहसील में 400 मिमी का आंकड़ा पार हो गया। इधर अच्छी बारिश की वजह से मौसम ठंडा हो गया और अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।



रविवार की सुबह मौसम सामान्य था। थोड़ी देर धूप भी निकली और फिर से बादल छाए गए। 12 बजे के बाद मौसम बदलने लगा और पूर्व दिशा की ओर घने बादल आसमान पर नजर आए। बादल इतने घने थे कि देखते ही लोगों को समझ में आ गया कि बहुत ही तेज बारिश होने वाली है। हालांकि बारिश 1 बजे के बाद हुई। तेज गरज-चमक के साथ बारिश होने की वजह से लोग एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा सके। बारिश तेज होनी बंद हो गई पर देर तक बूंदाबांदी होती रही।


शाम को मौसम सामान्य हो गया। आसमान में बादल के नजारे दिखाई देते रहे। इधर झमाझम बारिश के बाद बिलासपुर तहसील में 400 मिमी वर्षा का आंकड़ा पार हो गया। यहां 1 जून से लेकर 403.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इतनी बारिश किसी भी तहसील में नहीं हुई है। इसके बाद सबसे ज्यादा 369.4 मिमी मस्तूरी फिर 346.2 मिमी कोटा तो 334 मिमी तखतपुर तहसील में हुई है। बिल्हा, बेलगहना,सीपत में 300 मिमी तो रतनपुर तहसील में 200 मिमी का आंकड़ा नहीं पहुंचा है।


जिले में 13.8 मिमी बारिश


जिले के तहसीलों में औसत 13.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसमें बिलासपुर तहसील में 32 मिमी, बिल्हा में 35 मिमी, मस्तूरी में 7.2 मिमी, तखतपुर में 2.8 मिमी, सीपत व बोदरी में 17 मिमी, बेलगहना में 6.3 मिमी तो रतनपुर में 7 मिमी सहित कुल 124.3 मिमी वर्षा हुई। इसका औसत 13.8 मिमी होता है।


24 घंटे में 45 मिमी वर्षा


बिलासपुर शहर में 24 घंटे में 45 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। रविवार की सुबह 23.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि शाम को 22 मिमी। वहीं पेंड्रारोड में सुबह 22.6 मिमी तो शाम को 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। माना में सुबह 25.6 मिमी, शाम को 22.6 मिमी, अंबिकापुर में 24.1 मिमी, शाम को 3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।