Breaking News :

6 साल का मासूम तीन दिनों से लापता, तलाश में जुटी पुलिस


भिलाई। भिलाई में 6 साल का बच्चा तीन दिनों से लापता है। अब तक पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिला है। इधर बच्चे की सलामती को लेकर परिजन परेशान हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। छावनी पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। छावनी पुलिस ने बताया कि कैम्प-1 बैकुंठधाम निवासी यश आनंद पिता रोहित आंनद (6 साल) रविवार 17 जुलाई की शाम से गायब है। शाम 5 बजे के करीब वह अपने बड़े भाई रॉकी के साथ पास की दुकान में मोमोज खाने गया था। वहां से दोनों घर आए। इसके बाद यश अपने दोस्तों के साथ खेलने चला गया। उस समय यश की मां रजनी आनंद काम पर गयी हुई थी। वह जब शाम को घर लौटी तो यश दिखाई नहीं दिया। उसने उसे काफी खोजा और पता किया। इसके बाद उन्होंने मोहल्ले और अन्य लोगों से पूछताछ की। जब यश कहीं नहीं मिली तो रजनी छावनी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई अब 3 दिन बाद भी उसका कहीं कोई पता न चलने से छावनी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि 6 साल का यश नीले रंग की शर्ट पहने हुआ है। बच्चे के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर छावनी थाने सूचना दें।