Breaking News :

आज विश्व हृदय दिवस



जगदलपुर। हृदय शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है और इसकी सेहत के प्रति जागरूकता बहुत जरूरी है। वर्तमान समय में कम उम्र के लोगों में भी हार्ट अटैक की समस्या आने लगी है। इसलिये हर साल आज यानि 29 सितंबर को हृदय स्वास्थ्य, हृदय रोगों के कारणों, स्वस्थ हृदय के लिये व्यायाम के प्रभाव और हृदय की देखभाल के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिये यह दिवस मनाया जाता है। इस सम्बंध में सीएमएचओ आर.के.चतुर्वेदी ने बताया: " ह्रदय रोग के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है।


 इस दिन को मनाये जाने का उद्देश्य लोगों को यह सूचित करना है कि हृदय रोग वर्तमान में बढ़ रही मृत्यु का मुख्य कारण है और इसकी रोकथाम और नियंत्रण के लिए किए गए किए जाने वाले कार्यों को उजागर करते हुए लोगों को जागरूक करना है। इस वर्ष मनाये जाने वाले विश्व हृदय दिवस की थीम है 'हर दिल के लिए दिल का इस्तेमाल करें' अर्थात कार्डियोवैस्कुलर बीमारियों के बारे में बढ़ती वैश्विक जागरूकता और बीमारी का प्रबंधन करना है।" आगे उन्होंने बताया: "हृदय को स्वस्थ रखने के लिये गलत जीवनशैली में बदलाव जरूरी है इसलिये प्रतिदिन अन्य कार्यों की तरह ही व्यायाम के लिए भी समय निकालें। सुबह और शाम के समय पैदल चलें या सैर पर जाएं। भोजन में नमक और वसा की मात्रा कम कर लें, अधिक मात्रा में यह हानिकारक होते हैं। ताजे फल और सब्जियों को आहार में शामिल करें। तनावमुक्त जीवन जीएं तनाव अधि‍क होने पर योगा व ध्यान के द्वारा इस पर नियंत्रण करें। धूम्रपान का सेवन बिल्कुल बंद कर दें, यह हृदय के साथ ही कई बीमारियों का कारक है। स्वस्थ शरीर और दिल के लिए भरपूर नींद लें। वज़न, ब्लड प्रेशर, ग्लूकोज और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखें।अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने अवश्य जाएँ।"


एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी महेश मिश्रा ने बताया: "तम्बाकू, शराब व इस तरह के अन्य मादक पदार्थों को त्यागकर संयमित जीवनशैली, स्वस्थ आहार व योगा को दिनचर्या में शामिल करने पर हृदय रोगों से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है। इस दिशा में जनजागरुकता के लिए जिले में 25 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय के साथ ही ब्लॉक मुख्यालयों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर ब्लॉक स्तर पर निशुल्क हृदय स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में हृदय रोग संबंधी जांच की जाएगी।"