Breaking News :

Crime News: इंजीनियर से 6500 डॉलर की ठगी, जानिए बदमाशों ने कैसे लगाया चूना

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से ठगी  का एक अलग किस्म का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक व्यक्ति के विदेश में रहने वाले चाचा की जानकारी हासिल कर उनके नाम से वॉट्सऐप अकाउंट बनाया। खुद को अमेरिका में रहने वाला चाचा बताकर साइबर जालसाजों ने इंजीनियर से 6500 अमेरिकी डॉलर (करीब 5 लाख रुपये) ठग लिए। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने इस संबंध में सेक्टर 113 थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।


पुलिस को दी शिकायत में हरसद खेतपाल ने बताया कि वह सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी सोसायटी में रहते हैं। उनके चाचा अनिल खेतपाल अमेरिका में रहते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके वॉट्सऐप पर एक नंबर से मेसेज आया। डीपी में चाचा व उनके बच्चों की फोटो लगी थी। मेसेज करने वाले ने खुद को अमेरिका में रहने वाला हरसद का चाचा अनिल बताया।


जालसाल ने हरसद खेतपाल से कहा कि उन्हें व्यापार में पिछले दिनों काफी घाटा हो गया है। उन्हें कुछ दिन के लिए आर्थिक मदद चाहिए। व्यापार ठीक होते ही सारे पैसे वापस करने की बात कही गई थी। आरोपी की बात सुनने के बाद हरसद उनके झांसे में आ गए। उन्होंने वॉट्सऐप नंबर पर बताए गए खाते में 6,500 डॉलर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने और पैसों की मांग की।


दूसरी बार पैसों की मांग के बाद पीड़ित को शक हुआ। उसने अपने चाचा के पास कॉल की तो पूरे मामले का पता चला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी। सेक्टर 113 थाना प्रभारी शरद कांत शर्मा ने बताया इंजीनियर की ओर से दी गई शिकायत को दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के जांच जुटी हुई है।