Breaking News :

नौकरी जाने से परेशान युवक ने की आत्महत्या, मंत्रालय परिसर में फंदे पर झूलती मिली लाश



रायपुर। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय परिसर में पेड़ पर लटकी हुई युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि मृतक एक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी था। कुछ दिन पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। छटनी का शिकार हुआ कर्मचारी बेरोजगारी से परेशान था। आशंका जताई जा रही है कि शायद इसी लिए युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी होगी। घटना राखी थाना क्षेत्र की है।


जानकारी के अनुसार खुदकुशी करने वाले कर्मचारी का नाम योगेश वानखेड़े हैं। योगेश भिलाई का रहने वाला था। वो मंत्रालय के फूड डिपार्टमेंट में डेली वेस में ड्राइवर की नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। उसका कुछ वेतन भी बकाया था, जिसकी वजह से वो परेशान था। मंगलवार को योगेश अपने काम के सिलसिले में ही फूड डिपार्टमेंट के अधिकारियों से मिलने आया था। जिस पार्किंग में वो विभाग की गाड़ी पार्क करता था वहीं एक पेड़ से योगेश का शव गमछे से बने फंदे पर झूलते हुए मिला है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।