Breaking News :

रांची से बनारस महज 6 घंटे 20 मिनट, रांची-बनारस वंदे भारत का रूट और टाइम टेबल

रांची. 12 मार्च को रांची रेल डिविजन को वंदे भारत की एक नयी सौगात मिलने जा रही है. इस सौगात के बाद अब रांची और आसपास के कई जिलों के यात्री सीधे काशी विश्वनाथ की नगरी बनारस से जुड़ जाएंगे.

जी हां, आप बिलकुल सही समझ रहे हैं, क्योंकि 12 मार्च को रांची बनारस वंदे भारत का शुभारंभ होने जा रहा है. रांची रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन को 12 मार्च को पीएम मोदी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे.

दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय कोलकाता की ओर से रांची रेल डिवीजन को इस मामले में 12 मार्च को ट्रेन के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर निर्देश जारी कर दिये गये हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, आठ बोगी वाली यह ट्रेन रांची लोहरदगा टोरी रूट पर चलेगी. सबसे बड़ी बात यह है कि यह ट्रेन महज 6.20 घंटे में रांची से बनारस की दूरी तय करेगी. इस दौरान ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किमी प्रति घंटे होगी.

रांची बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रांची से लोहरदगा-टोरी, गढ़वा, गढ़वा रोड से होते हुए बिहार में गया के बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) होकर होकर यूपी पहुंचेगी. आपको बता दें कि वर्तमान में रांची से बनारस के लिए कोई सीधी ट्रेन सेवा नहीं है. अलग-अलग रूटों से ट्रेनों के परिचालन के जरिए रांची से यात्री बनारस जाते हैं. इसमें करीब 11 घंटे का समय लगता है. लेकिन, अब रांची बनारस वंदे भारत का उद्घाटन होने के बाद करीब 4.40 घंटे समय की बचत होगी.

मिली जानकारी के मुताबिक, बनारस से वंदे भारत रांची के लिए सुबह 5.50 बजे खुलेगी. यह दोपहर 12.10 बजे रांची पहुंचेगी. वहीं रांची से वंदे भारत दोपहर 1.30 बजे बनारस के लिए खुलेगी और शाम 7.50 बजे बनारस पहुंचेगी।.यानी काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के अभिलाषी यात्री दोपहर में ट्रेन पर चढ़कर शाम में बनारस पहुंचेंगे. उसके बाद अहले सुबह बाबा के दर्शन कर सुबह 5.50 बजे रांची के लिए वापसी ट्रेन पकड़ सकते हैं.

आपको बता दें कि वर्तमान में रांची से दो वंदे भारत का परिचालन किया जा रहा है. एक वंदे भारत का परिचालन रांची से पटना और दूसरा रांची से हावड़ा के लिए किया जा रहा है. अब पीएम मोदी के द्वारा रांची टू बनारस वंदे भारत की सौगात दिए जाने के साथ ही झारखंड को तीन वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिल जाएगी.