Breaking News :

दलित लड़की को अगवा कर बंधक बना कई दिनों तक रेप का आरोप, केस दर्ज; आरोपी की तलाश जारी

राजस्थान में एक दलित छात्र की पिटाई के बाद मौत का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इस बीच चुरू जिले में अब एक दलित लड़की को बंधक बना उसके साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। इस मामले में केस दर्ज किये जाने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची अपनी मां को सीकर के एक अस्पताल में बिलखते हुए मिली थी। 


14 साल की यह नाबालिग बच्ची बीते 10 अगस्त को अपने घर से लापात हो गई थी। बच्ची के गायब होने की शिकायत परिजनों से पुलिस के पास भी दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच-पड़ताल शुरू की थी। लेकिन हाल ही में बच्ची अपनी मां को सीकर स्थित एक अस्पताल में रोत हुई मिली है। 


बंधक बना दुष्कर्म करने का आरोप


पीड़िता ने अपनी मां को अपने साथ हुई भयानक ज्यादती की कहानी बताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 साल की इस दलित लड़की ने बताया कि ईसपाक खां नाम का युवक उसे बहला कर अपने साथ ले गया था। वो लड़की को अपने गांव ले गया। यहां एक घर में 2 दिनों तक उसे बंधक बना कर रखा गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। 


पीड़िता ने बताया कि इसके बाद ईसपाक खां उसे लेकर सीकर के एक धर्मशाला में गया। यहां भी वो तीन दिनों तक बंधक रही और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि ईसपाक खां उसे एक अस्पताल में छोड़ कर फरार हो गया। बेटी की बातें सुनने के बाद मां के होश उड़ गये। 


आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज


बच्ची और उसकी मां की शिकायत के आधार पर अब थाने में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी की गंदी नजर कई दिनों से लड़की पर थी। बहरहाल अब पुलिस दलित लड़की से रेप के आरोपी की तलाश कर रही है।


बता दें कि राज्य के जालोर जिले में हाल ही में एक स्कूली छात्र की मौत का मामला काफी सुर्खियों में रहा। आरोप लगाया गया था कि दलित छात्र ने स्कूल में रखे एक मटके का पानी पीया था। इसी वजह से स्कूल के एक शिक्षक ने उसे इतना पीटा था  कि कुछ दिनों के बाद उसकी मौत हो गई थी।