Breaking News :

मोबाइल पर लिंक भेजकर महिला से 1 लाख की ठगी,जामताड़ा गैंग से जुड़े 4 शातिर ठग गिरफ्तार


रायगढ़। झारखंड के देवघर जिले से देश भर में कॉल कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे जामताड़ा गैंग से जुड़े 4 शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रायगढ़ पुलिस टीम ने देवघर जिले के गिरिडीह और दरबे गांव में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों से नगद 33 हजार रुपए और 10 मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपियों ने इंदिरा नगर की महिला से करीब 1 लाख रूपए की ठगी की थी। मामला रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।


जानकारी के मुताबिक दिनांक 17 अगस्त 2022 को इंदिरा नगर रायगढ़ की महिला थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 अगस्त को मोबाईल से किसी ने ब्लू डाट कोरियर सर्विस की ओर से कॉल कर कोरियर का चार्ज करने के लिये मोबाईल नंबर पर एक लिंक भेजा, जिसको आपरेट करने पर बैंक आफ बड़ौदा के खाता से 99,998/ रूपये कट गया। थाना कोतवाली में पीड़िता के आवेदन पर अज्ञात आरोपी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।


ठगी के आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। थाना कोतवाली टीम को महिला से ऑनलाइन ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नम्बर जिला देवघर (झारखंड) के गिरिडीह क्षेत्र में संचालित होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम गठित कर झारखंड रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा सुनियोजित तरीके से इलाके की घेराबंदी कर गिरिडीह और दरबे गांव में रेड किया गया। जहां कई लड़के मोबाइल लिए लगातार एक के बाद एक नम्बर पर कॉल कर रहे थे, तभी संदिग्ध मोबाइल नंबर चालू होने पर सर्विलांस की मदद से आरोपी सफाउल अंसारी और उसके भाई रजाउल अंसारी को हिरासत में लिया गया। जिसके निशानदेही पर आरोपी महेंदर मंडल और एक अपचारी बालक को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ करने पर रायगढ़ जिले की महिला को अगस्त माह में ठगी कर 99,998/ रूपये प्राप्त करना कबूल किए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


गिरफ्तार आरोपी-

(1) रजाउल अंसारी पिता अब्बास अंसारी 22 साल निवासी दरबे पोस्ट जगदीशपुर थाना बुढई जिला देवघर झारखंड

(2) सफाउल अंसारी पिता अब्बास अंसारी 22 साल निवासी दरबे पोस्ट जगदीशपुर थाना बुढई जिला देवघर झारखंड

(3) महेंद्र मंडल पिता जगदीश मंडल उम्र 22 साल पिता अब्बास अंसारी 22 साल निवासी दरबे पोस्ट जगदीशपुर थाना बुढई जिला देवघर झारखंड

(4) विधि के साथ संघर्षरत बालक