Breaking News :

लड़की वालों ने लड़के के परिजनों को पीटा, भगाने का लगाया आरोप


बिलासपुर। युवती को भगाने का आरोप लगाकर स्वजनों ने घर में घूसकर युवक के स्वजन पर चाकू, राड व लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट से छह लोगों के गंभीर चोट लगी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पचपेड़ी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बलवा के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। ग्राम सुकुलकारी के रहने वाली सावित्री खरे मजदूरी करती हैं। चार माह पहले वे अपने परिवार समेत आंध्रप्रदेश के ईंट भट्ठा काम करने गई थीं। साथ में ग्राम भनेसर के रहने वाला राजेश्वर पाटले भी अपने परिवार समेत गया था। काम करने के दौरान सावित्री के बेटा और राजेश्वर की बेटी के साथ शादी करने की बात हुई।


दोनों परिवार तैयार हो गए। आंध्रप्रदेश से दोनों परिवार दस दिन पहले अपने-अपने गांव आ गए। इस बीच सावित्री के पति राजू खरे ने राजेश्वर पाटले को फोन कर सगाई के बारे में पूछताछ किया। तब राजेश्वर पाटले ने अपनी बेटी की शादी उनके साथ करने से मना कर दिया। इस बीच राजेश्वर की बेटी अचानक घर से गायब हो गई। रविवार को सुबह सावित्री अपनी दोनों बेटियों के साथ घर पर थी। सुबह 11 बजे राजेश्वर पाटले, पिंटू पाटले, सरोजनी समेत अन्य तीन चार लोग घर के अंदर घुस आए। सभी लाठी, राड व चाकू रखे थे। राजेश्वर पाटले ने अपनी बेटी को भगाने का आरोप लगाकर गाली-गलौज करने लगा। तब सावित्री ने मना किया। इसके बाद राजेश्वर और उनके साथियों ने राड, लाठी से मारपीट शुरू कर दी। आवाज सुनकर सावित्री के स्वजन बीच-बचाव करने पहुंचे। तब आरोपितों ने चाकू व लाठी से हमला कर दिया। इससे सावित्री और उनके दोनों बेटी, देवर प्रमोद खरे, भानू प्रताप खरे, कका ससूर मीना खरे को चोट लगी है। घटना के बाद सभी आरोपित फरार हो गए हैं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।