Breaking News :

सटोरियों के ठिकानों में साइबर सेल और पुलिस की दबिश, कई गिरफ्तार


कोरबा. जिले की बालको पुलिस ने ऑनलाइन महादेव एप के जरिए सट्टा खेला रहे 7 सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपी बालको थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जिनके पास से दो लाख रुपए और 7 मोबाइल जब्त किए गए हैं। बालको पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से जिले के सटोरियों में हड़कंप मच गया। कोरबा जिले में पुलिस लगातार हर तरह के अवैध धंधों पर कार्रवाई कर रही है। इसके लिए पुलिस निजात अभियान भी चला रही है। इसी के तहत शुक्रवार को ऑनलाइन सट्टे पर छापा मारकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सटोरी फेयर प्ले का पैनल बनाकर अवैध काम को अंजाम दे रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और सिविक सेंटर में सट्टा खेला रहे 4 सटोरियों को पकड़ लिया। इनके पास से 4 मोबाइल और एक लाख रुपए कैश जब्त किया गया। वहीं पुराना बस स्टैंड के पास से भी 3 सटोरियों की गिरफ्तारी हुई, जिनके पास से 3 मोबाइल और एक लाख रुपए जब्त किए गए।



अलग-अलग जगहों पर छापा मारकर पुलिस ने 2 लाख रुपए कैश के साथ 7 सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। सिविक सेंटर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दुर्गेश चौधरी (21 वर्ष), राहुल कुमार मार्कंडेय (21 वर्ष), अतुल कुमार (22 वर्ष), हिमांशु जायसवाल (22 वर्ष) शामिल हैं। साइबर सेल में पदस्थ एएसआई अजय सिंह ने बताया कि बालको पुलिस और साइबर सेल के संयुक्त प्रयास से सटोरियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। आगे भी जुआ-सट्टा पर कार्रवाई जारी रहेगी।