Breaking News :

मंडप की जगह जेल पहुंचा युवक, प्रेमिका को धोखा देकर कर रहा था दूसरी लड़की से शादी, अब पहुंचा जेल


कोरबा। प्रेमिका को धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी करना एक शख्स को महंग पड़ गया। दूल्हा मंडप में पहुंचने से पहले जेल पहुंच गया। प्रेमिका ने युवक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।


मिली जानकारी के अनुसार मामला गर्लफ्रेंड को धोखा देकर किसी और लड़की से शादी करने का है। पुलिस ने बताया कि मामला नेवरा थाना क्षेत्र का है। जलसो गांव के 26 साल के चिरंजीवी वर्मा के रामपुर चौकी क्षेत्र निवासी एक युवती से प्रेम संबंध थे। दोनों दो साल से एक-दूसरे को प्यार करते थे। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि, आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। इस बीच उसकी शादी कहीं और तय हो गई और उसने दूसरी लड़की से शादी करने का फैसला कर लिया।


चिरंजीवी वर्मा की 10 मई को बारात निकलने वाली थी। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड को उसकी शादी के बारे में पता चल गया। वह सीधे आरोपी की होने वाली दुल्हन के घर गई और आरोपी की सच्चाई बता दी। उसने बताया कि आरोपी ने उससे शादी का वादा किया था। झूठा वादा करके वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब होने वाली दुल्हन को यह सच्चाई पता चली तो उसने भी शादी करने से इंकार कर दिया और शादी टूट गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चिरंजीवी वर्मा के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के पश्चात जेल भेज दिया।