Breaking News :

जोनल स्टेशन बिलासपुर में 21 वर्ष के युवक की हार्ट अटैक से हुई मौत...

बिलासपुर। जोनल स्टेशन में मंगलवार को एक यात्री अचानक प्लेटफार्म पर बेहोश होकर गिर गया। इससे अन्य यात्रियों में हड़बड़ी मच गई। सभी उन्हें उठाकर स्टेशन प्रबंधक कार्यालय लाए। यहां रेलवे चिकित्सकों ने जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान हुई है। वह भाटापारा के निवासी थे। जीआरपी ने घटना की सूचना स्वजनों को दी है। घटना सुबह 11 बजे के करीब प्लेटफार्म क्रमांक दो- तीन की है। रोज की तरह यहां यात्रियों की भीड़ नजर आ रही थी। सभी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। उसी समय एक यात्री उम्र 21 वर्ष अचानक बेहोश होकर गिर गए। उन्हें देखकर यात्री तत्काल उठाने के लिए दौड़े। उन्हें उठाया और तत्काल स्टेशन प्रबंधक के कार्यालय में ले गए। साथ ही इसकी जानकारी रेलवे अस्पताल के चिकित्सकों को दी। सूचना मिलते ही चिकित्सक पहुंचे।


लेकिन जांच के बाद उन्होंने यात्री को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक स्थिति में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित करते हुए स्टेशन मास्टर ने मेमो तैयार कर जीआरपी को भेजा। मेमो मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची। इस बीच सबसे पहले मृतक की पहचान के लिए साक्ष्य ढूंढे गए। युवक की जेब से एक आधार कार्ड मिला है। जिसमें जयंत वर्मा निवासी संत माता कर्मा वार्ड भाटापारा जिला बलौदा बाजार लिखा हुआ है।


एक मोबाइल व बिलासपुर से भाटापारा तक का ट्रेन टिकट भी मिला। उसके आधार पर जीआरपी की बात मृतक के दोस्तों से हुई। दोस्तों से स्वजनों का मोबाइल नंबर लेकर जीआरपी ने उन्हें सूचना दी। स्वजनों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक बिलासपुर में कहा रहता था और यहां किसकी पढ़ाई करता था। इतनी कम उम्र में हृदयघात होने से सभी हैरान है। जीआरपी भी समझ नहीं पा रही है कि आखिर इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई। स्टेशन में चिकित्सक की आवश्यकता आज की घटना के बाद एक बार फिर जोनल स्टेशन में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी की आवश्यकता महसूस होने लगी है। यह व्यवस्था सामान्य है और रेल प्रशासन चाहे तो इसे लागू कर सकती है। इससे घायल या बीमार यात्रियों को तत्काल राहत मिलेगी।