Breaking News :

नहर टूटने से खेतों में भरा पानी



जिले के रायसिंहनगर में पंद्रह पीएस के पास नहर में कटाव आ गया। किसानों ने इसे बांधने का प्रयास किया। दोपहर तक नहर बांधने का काम जारी था। यह नहर बुधवार को लगातार दूसरी बार टूटी। करीब पंद्रह दिन पहले भी यह नहर टूट गई थी। उस समय किसानों ने इसे कच्चा बांध दिया था लेकिन अब दोबारा नहर में पानी का बहाव तेज आने से फिर से नहर टूट गई। नहर टूटने से पानी बहकर आसपास के खेतों में फैल गया। इन खेतों में नरमे की फसल बोई हुई थी। पानी जमा हो जाने से बोई हुई फसल को नुकसान हो गया। किसानों को यहां करीब पंद्रह दिन के अंतराल से दूसरी बार नुकसान झेलना पडा है। इससे पहले किसानों ने यहां नरमे की फसल बोई हुई थी। पंद्रह दिन पहले नहर टूट जाने पर भी यहां बुवाई बेकार हो गइ थी। बुधवार को एक बार फिर नहर टूट जाने के बाद किसानों की नरमे की फसल को नुकसान झेलना पड़ा।



नहरी विभाग को दी जानकारी: सुबह नहर टूटने की जानकारी मिलते ही किसानों ने इस बारे में आसपास के अन्य किसानों को बताया। किसानों ने अपने स्तर पर नहर काे बांधने की कोशिश शुरू कर दी। दोपहर तक नहर बांधने का काम जारी था। गंगनहर के प्रोजेक्ट चेयरमैन हरविंद्रसिंह ने बताया कि लगातार दूसरी बार नहर टूटी है। इस बारे में नहरी विभाग को जानकारी दी गई है। किसानों ने नहर को बांधने का काम शुरू कर दिया है।