Breaking News :

कांग्रेसियों की गुंडागर्दी से प्रदेश की आम जनता परेशान : भाजपा

रायपुर।छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के रायपुर दौरे के ठीक एक दिन पहले भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। भाजपा के चार वरिष्ठ नेताओं बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा और नारायण चंदेल ने एक साथ प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित किया। प्रेस कान्फ्रेंस में सबसे पहले मोर्चा संभाला बृजमोहन अग्रवाल ने। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में जमीन पर कब्जा करना सरकार के लिए आम बात हो गई है।

कांग्रेसियों की गुंडागर्दी से आम लोग परेशान हैं। अग्रवाल ने कहा कि सरकार और प्रशासन के संरक्षण में कांग्रेसियों ने धार्मिक गुरुओं के आश्रम पर भी कब्ज़ा करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि संत प्रकाश मुनि साहेब की जमीन पर कब्जा कर लिया गया, उनके घर को क्षत-विक्षत कर दिया गया। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि घरों को उजाड़कर अस्पताल बनाया जा रहा है। रायपुर शहर में कई जगहों पर सरकार के संरक्षण में अवैध निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ पारा में बस्तियों को उजाड़ रहे हैं। घर गिराए जा रहे हैं, बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि Cm से हमारा सवाल है... क्या वे अपने नेता राहुल गांधी को इन सब जगह पर ले जाकर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की सह पर अवैधानिक काम चल रहा है।
इसके बाद माइक वरिष्ठ भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने थामी। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरंग में 22 एकड़ भूमि पर अवैध कॉलोनी का निर्माण हो रहा है। वहां पर एक कनेक्शन से 18 लोगों को कनेक्शन दिए जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि मामले को दबाए रखने और संरक्षण देने के लिए तहसीलदार, पटवारी को जमीनें गिफ्ट में दी गई हैं। श्री शर्मा ने आरंग में चल रहे इस खेल की जाँच कराने की मांग की। श्री शर्मा ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कॉलोनाइज़र सरकार के संरक्षण में मनमानी कर रहे हैं, बदले में ज़मीन गिफ्ट दे रहे हैं। अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो कानून व्यवस्था पर सवाल उठेगी। हमने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पर कदम उठाए जाएं, नहीं तो उग्र आंदोलन होंगे। भाजपा नेताओं ने प्रकाश मुनि साहेब के मामले में कबीरपंथियों के साथ मिलकर आंदोलन करने की बात कही है।