Breaking News :

जामा मस्जिद पठानपारा के सदर बने हाजी रईस अहमद शकील

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य वफ्फ बोर्ड के निर्देशन में पहली बार हुये प्रजातांत्रिक तरीक़े से पारदर्शी औऱ निष्पक्ष चुनाव में राजनांदगांव शहर जामा मस्ज़िद सदर के ओहदे पर हाजी रईस अहमद शक़ील साहब 17 मतों से निर्वाचित हुये। नवनियुक्त सदर ने मुस्लिम समुदाय व आमजनों का आभार व्यक्त किया व कहा यह चुनाव अहम रूप से समाज "कल्याण" व समाज "सुधार" की दिशा में काम करेगा। उक्त चुनाव में नगर निगम क्षेत्र के सभी 51 वार्डो के मुस्लिम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।मतदान के पश्चात देर शाम मतों की गणना की गई।

जिमसें निकटतम प्रतिद्वंदी जावेद अंसारी 17 मतों से पराजित हुये। तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा ने प्रमाण-पत्र देकर जीत की घोषणा की। मिली जानकारी के अनुसार छग राज्य वक्फ बोर्ड के आदेशानुसार जामा मस्जिद पठानपारा, राजनांदगांव के मुतवल्ली का चुनाव एसडीएम राजनांदगांव की देख-रेख मे मुतवल्ली मार्गदर्शिका 2022 के अनुसार किया गया। आज शहर के 4 मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराया गया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए रईस अहमद शकील और जावेद अंसारी मैदान में थे। आज सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे के मध्य मतदान संपन्न हुआ, जिसमें समस्त 51 वार्डो में निवासरत 18 वर्ष पूरा कर चुके पुरूष मुस्लिम मतदाताओं ने मतदान किया। इस चुनाव में कुल 3664 मतदाता शामिल थे, जिसमें टोटल मत 2290 पड़े। मतदान पश्चात जामा मस्जिद के बाड़े में तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा की देख-रेख में मतगणना शुरू हुई.जिसमें जावेद अंसारी को कुल 1124 मत मिले और रईस अहमद शकील को कुल 1141 मत मिले, 25 मत अवैध मिले। इस तरह रईस अहमद शकील को 17 मतों से जीत हासिल हुई।

जनाब जावेद अंसारी को किताब का निशान एवं जनाब रईस अहमद शकील को तराजू का निशान रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार द्वारा आबंटित किया गया था। मतदान हेतु नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत चार मतदान केंद्र पहला बाड़ा जामा मस्जिद पठानपारा, दूसरा मुस्लिम जमात खाना जूनी हटरी, तीसरा मोती मस्जिद, चौथा सामुदायिक भवन गौरी नगर रावण ग्राउण्ड में सुबह 7.30 बजे से 3 बजे तक किया गया, जिसके बाद मतगणना एवं परिणाम की घोषणा जामा मस्जिद पठानपारा से की। एडहॉक कमेटी जामा मस्जिद के सदस्य सुहैल रिजवी ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया हेतु तहसीलदार व नायब तहसीलदार राजनांदगांव को रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया था, इनके सहयोग हेतु आबिद बेग, एडहाक कमेटी के संयोजक हामिद खान, खालिद अंसारी, आदिल रिजवी, आसिम अहमद, इकबाल हुसैन को अधिकृत किया गया था एवं उक्त मतदान केंद्रों हेतु मतदान दल का गठन भी किया गया था।