Breaking News :

नदी में बही दादी और पोती, दोनों की मौत, 15 घंटे बाद शव बरामद

कवर्धा। जिले में उफनती नदी में बहने से दादी और पोती की मौत हो गई। पुलिस ने घटना के करीब 15 घंटे बाद दोनों के शव बरामद कर लिए है। फिलहाल दोनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा बोड़ला थाना क्षेत्र में हुआ है। 


जानकारी के अनुसार, मुढ़घुसरी गांव निवासी सगौना बाई (55) अपनी पांच साल की पोती ज्ञानेश्वरी के साथ शनिवार को खेत में धान का रोपा लगाने के लिए गई थी। वहां से दोनों लौट रहे थे। सागौना बाई अपनी 5 साल की पोती ज्ञानेश्वरी के साथ नदी पार कर रही थी। इसी दौरान नदी में पानी का स्तर बढ़ गया। जिससे दोनों बह गए। आसपास मौजूद लोगों के जरिए इसकी सूचना परिजनों तक पहुंची। नदी में काफी खोजबीन की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना के बाद पहुंची टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। रात में अंधेरा होने के कारण दोनों का कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन रविवार सुबह जब फिर से रेस्क्यू शुरू हुआ तो दादी और पोती की लाश नदी में झाड़ियों में फंसी मिली।