Breaking News :

सटोरियों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, चारपहिया वाहन में ऑनलाइन सट्टा संचालित करते 9 सटोरियों को किया गिरफ्तार


रायपुर। पुलिस ने चारपहिया वाहन में ऑनलाइन सट्टा खिलाते 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सट्टा-पट्टी सहित 6 नग लेपटाप, 10 नग मोबाइल, नकदी 15 हजार रूपए व रिट्स कार जब्त किया है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है। मामले का खुलासा करते हुए एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि गंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज पारा स्थित मैदान गार्डन में कुछ व्यक्ति चार पहिया वाहन में सवार होकर ऑनलाइन सट्टा का संचालन कर रहे है।


जिस पर एण्टी क्राइम एवं सायबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन के पास जाकर देखा, तो वाहन के अंदर चार व्यक्ति सवार थे तथा उनके पास मोबाईल एवं लैपटॉप थे। व्यक्तियों से पूछताछ करने पर अपना नाम विजय कुमार गिरी, आयुष निर्मल, राज यादव एवं सुन्दरलाल विश्वकर्मा बताया। ये सभी आरोपी दुर्ग के रहने वाले है। टीम के सदस्यों द्वारा उनके लैपटॉप एवं मोबाईल फोन को चेक करने पर उनके द्वारा महादेवा ऑनलाईन बुक एप्लिकेशन एवं रेड्डी अन्ना ऑनलाईन बुक के माध्यम से वेबसाईट व व्हॉट्सएप ग्रुप बनाकर, लाईन लेकर ऑनलाईन सट्टा संचालित करना पाया गया है।