Breaking News :

किन्नर ने स्टॉफ नर्स को जड़ा तमाचा, जिला अस्पताल में हुआ भारी बवाल




दुर्ग। जिला अस्पताल में बीती रात काजल नाम के किन्नर ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। उसने सिपाही के सामने ही अस्पताल की स्टॉफ नर्स मीनाक्षी तिवारी को गालियां दी और थप्पड़ मारे। इतना सब हो जाने के बाद पुलिसकर्मी ने किन्नर को नहीं रोका। अस्पताल की स्टॉफ नर्सों का आरोप है कि वह पिछले दो साल से ऐसा हो रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी दुर्ग पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। अस्पताल की सीनियर स्टॉफ नर्स मीनाक्षी तिवारी ने बताया कि, किन्नर शराब के नशे में देर शाम 7.30 बजे दूसरे किन्नर साथी दुर्गा को लेकर अस्पताल पहुंचा था। वो इतना नशे में था कि बोल भी नहीं पा रहा था। अस्पताल की ओपीडी में मौजूद स्टॉफ ने उसकी भर्ती बनाई और मेल वार्ड में भेजने लगा। इसी दौरान मीनाक्षी सिस्टर ने उसे किन्नर होने के चलते महिला वार्ड में भर्ती कराया। उसे बॉटल लगाने कैनुला लगाया।



कैनुला लगाए 5 मिनट ही हुए की काजल किन्नर आई और नर्स से बोली दुर्गा को होश नहीं आ रहा है। नर्स ने कहा थोड़ी देर में आ जाएगा। इस पर उसने सही से इलाज न करने का आरोप लगाते हुए गाली गलौज करना शुरू कर दिया। मना करने पर उसने महिला वार्ड में ही जमकर हंगामा मचाया। खुद अपने हाथों से दुर्ग का कैनुला निकाला और बहते हुए खून के साथ बाहर लेकर गया। ऐसा करता देख वार्ड ब्वाय उसे रोकने दौड़ा। एक पुलिस कर्मी भी वहां आ गया। वो लोग उसे फिर मेल वार्ड ले जा रहे थे, तभी मीनाक्षी सिस्टर ने महिला वार्ड ले जाने की बात कही। इससे काजल किन्नर भड़क गया। उसने उसे गाली देना शुरू कर दिया। जब मीनाक्षी ने काजल को रोका उसने पुलिस वाले के सामने ही उसे थप्पड़ मारे।