Breaking News :

21 जून को भोरमदेव में राष्ट्रीय स्तर पर योगा कार्यक्रम का होगा आयोजन


कवर्धा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के आयोजन के लिए भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ के पुरातात्विक और धार्मिक महत्व के स्थल कबीरधाम जिले के भोरमदेव मंदिर को शामिल किया गया है। जहां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्तर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 6 बजकर 30 मिनट से प्रारंभ होगा, जिसका प्रसारण राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री आदिम जाति कल्याण विभाग भारत सरकार श्रीमती रेणुका सिंह होगी।


कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भोरमदेव में आयोजित कार्यक्रम की रूप रेखा और तैयारी के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि आजादी के 75वी वर्षगांठ अमृत महोत्सव के अवसर पर 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय द्वारा देशभर के 75 पर्यटन स्थानों का चयन किया गया है। 


जिसमें छत्तीसगढ़ के पुरातात्विक और धार्मिक महत्व के स्थल एकमात्र कबीरधाम जिले के भोरमदेव मंदिर का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि योग कार्यक्रम भोरमदेव परिसर में सुबह 6.30 बजे प्रारंभ होगा। जिसमे जिले के सभी नागरिक भाग ले सकते हैं। योग में शामिल होने के लिए प्रत्येक नागरिक को पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन खेल एवं युवा कल्याण विभाग कवर्धा में 20 जून 2022 तक करा सकते है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि एनसीसी, एनएसएस के कैडेड, स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी, शिक्षक, योगा संस्था, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े नागरिक, जिले के विशिष्ट जन, अधिकारी, कर्मचारी तथा आम नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो। अधिक से अधिक नागरिक इसमें शामिल होकर योग के महत्व और उससे होने वाले लाभ को प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि लगभग 2 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है जिसके लिए पूरी व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने योगा परिसर में ग्रीन मैट, मंच व्यवस्था, बैक ड्रॉप सहित अन्य व्यवस्था करने कहा। उन्होंने बताया कि योगाभ्यास के लिए योग गुरु और 20 योगा शिक्षक उपस्थित रहेंगे, जिसके मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया जाएगा।