Breaking News :

सूचना पर तत्काल पहुंची डायल 112, रास्ता भटक गई महिला को पहुंचाया घर


बिलासपुर। घर के बाहर टहलने निकाली मानसिक रूप से कमजोर 70 वर्षीय महिला रास्त भटक गई। अपना नाम पता कुछ नहीं बता पा रही थी। आसपास के लोगों की सूचना पर डायल 112 की टीम ने महिला को सुरक्षित बरामद किया और घर का पता तलाश कर स्वजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया। सरकंडा थाना के डायल 112 के आरक्षक राकेश काछी और जितेंद्र कुमार को सूचना मिली कि एक वृद्ध महिला चिंगराजपारा के आसपास भटक रही है। ठीक से बात नहीं कर पाने के कारण वह अपना नाम पता नहीं बता पा रही है और रास्ता भटक गई है। सूचना मिलते ही 112 का स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने महिला को वाहन में बैठाकर पूछताछ करने पर पता चला कि महिला की मानसिक स्थिति कमजोर है। इसके चलते वह घर का पता नहीं बता पा रही है।


घंटे भर पूछताछ करने के बाद महिला ने सुबह आठ बजे घर से टहलने के लिए निकलने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे नाश्ता कराया। पुलिस वाहन से आसपास पतासाजी की गई। इस बीच कुछ लोगों ने महिला को पहचान लिया और बताया कि उसका बेटा नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। पुलिसकर्मियों ने महिला का फोटो व्हाट्सप से निगम के सफाईकर्मियों को भेजा। इसके बावजूद उसके बारे में जानकारी नहीं मिल रही थी। इस बीच विकास नाम के युवक ने महिला को अपनी मां के रूप में पहचान किया। सरकंडा के बहतराई अटल आवास ब्लाक बी निवासी बताया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अटल आवास पहुंचे। वहां महिला को स्वजन को सुरक्षित सौंप दिया गया। स्वजन ने बताया कि उम्र ज्यादा होने के कारण मानसिक स्थिति कमजोर हो गई है। इसके कारण किसी को ठीक से पहचान नहीं पाती है। डायल 112 की टीम ने स्वजनों को महिला का ध्यान रखने की समझाइश दी। महिला को सुरक्षित पाकर स्वजनों ने डायल 112 की टीम को धन्यवाद कहा। इसके बाद टीम वापस लौट गई।