Breaking News :

नाले में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका


बिलासपुर। बिलासपुर जिले में सागौन प्लांटेशन के पास नाले में खून से लथपथ एक युवक की लाश मिली है। युवक के शरीर में चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं मृतक की बाइक नाले में पुल के नीचे गिरी पड़ी थी। मृतक का नाम 32 वर्षीय शैलेष श्रीवास बताया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। मामला कोटा थाना क्षेत्र के घोड़ामार गांव का है।मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने घोड़ामार गांव के सागौन प्लांटेशन के पास नाले में युवक के शव को देखा। शव पानी में भीगकर अकड़ गया था। 


ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तखतपुर पुलिस को दी। इस बीच ग्रामीणों ने मृतक युवक की पहचान बेलपान निवासी शैलेष श्रीवास के रूप में की। वह बेलपान में अपने भाई के साथ सैलून चलाता था। घटना की सूचना मिलते पर तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल कोटा थाना क्षेत्र में होने के कारण कोटा पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर शव का परीक्षण किया तो युवक के सिर और अन्य जगहों पर चोट के निशान मिले। घटनास्थल के आसपास खून भी फैले हुए थे। ऐसे में उसकी हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की जांच और पूछताछ में पता चला है कि युवक की पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह अपनी बेटी को छोड़कर बाइक से घर से निकला था। रात करीब 9 बजे उसकी पत्नी ने उसे फोन किया था तो उसका मोबाइल बंद मिला।